सिविल लाइंस में महिला थाने के सामने स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से चोरों ने कुंदरकी के सपा विधायक हाजी रिजवान का ब्रीफ केस उड़ा दिया। घटना के वक्त विधायक गेस्ट हाउस में बैठकर पब्लिक की फरियाद सुन रहे थे। ब्रीफकेस में पचास रुपये के रेलवे कूपन, विधायक का परिचय पत्र, लैटर पैड, मोहर और कुछ कागजात थे। विधायक का ब्रीफकेस चोरी होने की घटना से पुलिस में खलबली मच गई। रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने गेस्ट हाउस के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
कुंदरकी के सपा विधायक हाजी मोहम्मद रिजवान 20 मई को शाम करीब छह बजे पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे थे। यहां बैठकर उन्होंने पब्लिक की समस्याएं सुनी और इसके बाद डीएम से मिलने उनके कैंप आफिस पहुंच गए। लेकिन उनका ब्रीफकेस गेस्ट हाउस के रूम में ही छूट गया। डीएम के यहां पहुंचने पर विधायक ने कुछ कागजात निकलवाने के लिए पीए से अपना ब्रीफकेस लाने को कहा तो पता चला कि ब्रीफकेस गेस्ट हाउस में ही छूट गया है।
इसके बाद विधायक ने गेस्ट हाउस के कमरे में चेक कराया तो वहां ब्रीफ केस नहीं मिला। विधायक ने बताया कि ब्रीफकेस में 50 हजार रुपये के रेलवे के कूपन, लैटर पैड, चश्मा और कागजात थे। विधायक ने पुलिस को सूचना दी तो इंस्पेक्टर सिविल लाइंस बीपी सिंह बालियान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छानबीन की लेकिन विधायक के ब्रीफकेस का कुछ पता नहीं चला। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि विधायक की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ ब्रीफकेस चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तफ्तीश की जा रही है लेकिन फिलहाल ब्रीफकेस चोरी करने वाले का कोई सुराग नहीं लगा है।