मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में लापता ऑटो चालक का शव तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। ऑटो चालक शुक्रवार रात को अपने घर से दोस्त के लिए नॉनवेज लेकर निकला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मूंढापांडे के भीतखेड़ा निवासी सुंदर लाल (35) ऑटो चालक था। परिवार में पत्नी विमला, बेटी दुर्गा (16), अंशु (10), गीता (8) बेटा लव (6) हैं। पत्नी विमला देवी ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने शुक्रवार रात को घर में नॉनवेज बनवाया था। वे करीब 9 बजे नॉनवेज लेकर बाहर गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों को ऑटो चालक की चिंता होने लगी थी। उनको काफी तलाश किया गया, कुछ पता नहीं चला। विमला ने बताया कि शुक्रवार सुबह जंगल में खोजबीन शुरू की तो घर से आधा किलोमीटर दूरी स्थित तालाब में उनका शव मिला था। तालाब में शव मिलने की सूचना पर आस पड़ोस के लोग भी मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। मूंढापांडे थाना प्रभारी संजय पांचाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।