अगवानपुर। बिजली कटौती को लेकर अगवानपुर बिजली घर पर कुछ लोगों ने पहुंच कर जमकर हंगामा किया और वहां मौजूद जेई से अभद्रता की। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
बुधवार को बिजली कटौती होने पर दो लोग बिजली घर पहुंच गए। साथ ही शहरी और इंडस्ट्रियल इलाके को बिजली सप्लाई देने का आरोप लगाते हुए वहां हंगामा किया। जेई सुशील कुमार सिंह ने बताया कि आगे से बिजली कम मिलने की वजह से ग्रामीण व शहरी इलाकों में बिजली की सप्लाई कम हो रहीं हैं। बुधवार दोपहर ग्रामीण क्षेत्र के किसानों की बिजली की कटौती से संबंधित समस्याओं के बारे में समाधान का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान दो लोग उनके ऑफिस में घुस गए। वह ग्रामीण इलाके के फीडर से बिजली कटौती करके अगवानपुर और इंडस्ट्रियल क्षेत्र में बिजली बेचने का आरोप लगाने लगे। उनको बिजली कटौती की समस्या आगे से होने के बारे में बताया गया, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं हुए। उन्होंने ऑफिस में गाली गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। जबकि यही लोग मंगलवार की रात करीब साढ़े 12 बजे बिजली घर आए थे। तब भी इन्होंने रात्रि स्टाफ से गाली गलौज की थी। जेई ने बताया कि इस पर प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस आरपी सिंह को मामले की जानकारी दी गई। जिसके कुछ देर बाद ही अगवानपुर चौकी और पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मी बिजली घर पहुँच गए तथा हंगामा करने वाले दोनों युवकों को हिरासत में लेकर चौकी चले गए। जेई ने बताया कि आरोपी दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अगवानपुर बिजली घर पर जेई और दो लोगों के बीच कहा सुनी हो गई थी। फिलहाल दोनों को समझाकर छोड़ दिया गया है। जेई ने उनको कोई तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर देंगे तो कार्रवाई की जाएगी।
--