बिलारी। एक गांव में किशोरी को प्रसाद के नाम पर नशीला पदार्थ खिलाकर उससे दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में गांव निवासी एक युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव निवासी ग्रामीण की ओर से रविवार शाम थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि गांव निवासी रवि शंकर कुछ दिनों से उसकी नाबालिग बेटी पर गलत निगाह रखता था। आरोप है कि बीती पांच मई की दोपहर उसकी बेटी गांव में ही सरकारी हैंडपंप से पानी भरने गई थी। वहां पहले से ही खड़े आरोपी ने उसकी बेटी को प्रसाद के नाम पर नशीला पदार्थ खिला दिया। वहां से घर पहुंचते ही बेटी नशे में हो गई। पीछे-पीछे आरोपी भी उसके घर पहुंच गया। घर में बेटी के अलावा कोई नहीं था।
ग्रामीण का आरोप है कि आरोपी ने नशे की हालत में नाबालिग बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया और शरीर पर दांतों से काट लिया। थोड़ी देर बाद जब उसकी पत्नी खेत से घर आई तब उसकी बेटी बेहोशी की हालत में नग्न अवस्था में पड़ी थी। उधर, आरोपी मौका मिलते ही घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी रवि शंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। संवाद