मुरादाबाद। जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में मिनी आईसीयू को और सशक्त बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। अस्पताल प्रशासन ने यहां आधुनिक मॉनिटर लगा दिए हैं। इसके अलावा जल्दी ही एचडीयू यानी हाई डिपेंडेसी यूनिट में भी वेंटिलेटर स्थापित किए जाएंगे। इससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा और उन्हें बड़े अस्पतालों के लिए रेफर करने की जरूरत भी कम होगी।
अस्पताल के मिनी आईसीयू में फिलहाल पांच बेड हैं, जिन पर वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध है। हाल ही में लखनऊ से विशेष प्रशिक्षण लेकर लौटी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम अब मरीजों को वेंटिलेटर सपोर्ट देने का काम कर रही है। प्रशिक्षित स्टाफ मिलने से गंभीर मरीजों के इलाज की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है। हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) में भी वेंटिलेटर सुविधा शुरू करने की तैयारी चल रही है। इससे ऐसे मरीजों को भी बेहतर निगरानी और उपचार मिल सकेगा, जिनकी हालत गंभीर तो है, लेकिन उन्हें पूर्ण आईसीयू की आवश्यकता नहीं है। एसआईसी डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने बताया कि आधुनिक मॉनिटर और वेंटिलेटर की उपलब्धता से मरीजों की हृदय गति, रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर और अन्य जरूरी संकेतों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार शुरू करना आसान होगा।