कांठ। बाइक की टक्कर से साइकिल सवार पेपर मिल कर्मी राम किशन की मौत हो गई। रामकिशन के दामाद ने बाइक चालक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद बिजनौर के थाना स्योहारा अंतर्गत गांव कुरी बांगर निवासी रामकिशन कांठ थाना क्षेत्र के भैंसली जमालपुर में अपने दामाद सुभाष के घर रहते थे। वह मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत आने वाले अगवानपुर स्थित एक पेपर मिल में काम करते थे। वह रोज की तरह पेपर मिल में ड्यूटी करके वापस साइकिल से भैंसली जमालपुर लौट रहे थे। वहीं कांवड़ पथ स्थित छजलैट थाने के सराय खजूर के पास तेज रफ्तार बाइक ने इनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रामकिशन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इस मामले में छजलैट पुलिस ने मृतक के दामाद सुभाष की तहरीर पर नया गांव फरीदपुर के बाइक चालक अखिलेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।