फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब मुरादाबाद स्कूल में बांटी रेत मिक्स तहरी

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। प्राइमरी स्कूल फाजलपुर में बुधवार को एनजीओ की ओर से मध्याह्न भोजन में स्कूली बच्चों को रेत मिली तहरी बांटे जाने की घटना सामने आई है। तहरी में रेत मिला होने की वजह से मुंह में किरकल आने पर बच्चों ने खाना छोड़ दिया। स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने तहरी का सैंपल सुरक्षित रखने के बाद एबीएस से मामले की शिकायत की है। घटना का पता चलने के बाद बीएसए ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला समन्वयक एमडीएम का जवाब तलब करने के साथ ही पूरे मामले पर जांच बैठा दी है। बीएसए का कहना है कि एनजीओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

परिषदीय स्कूलों में मध्याह्न भोजन वितरण में सोनभद्र में एक बाल्टी पानी में एक लीटर दूध मिलाने का वीडियो वायरल हो चुका है। वहीं मुजफ्फरनगर में एनजीओ की ओर से बांटे गए मध्याह्न भोजन में मरा हुआ चूहा निकल चुका है। परिषदीय स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर अक्सर सवाल खड़े होते हैं। खाने का वितरण एनजीओ की ओर से किया जाता है। जिसकी निगरानी के लिए शासन ने अलग से जिला समन्वयक की तैनाती भी कर रखी है। जिला समन्वयक एमडीएम की यह जिम्मेदारी है कि वह एनजीओ की ओर से स्कूलों में बांटे जा रहे मध्याह्न भोजन की समय - समय पर निगरानी और जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित करे। लेकिन इसके बाद भी एमडीएम में आए दिन शिकायतें मिलती रहती हैं। कभी सूखी रोटियां, ठंडी दाल तो कभी ठंडी सब्जी परोसी जाती है। एनजीओ तड़के में ही खाना बनाकर तैयार कर लेते हैं। दोपहर 12 बजे तक स्कूलों में पहुंचाया जाता है।
बुधवार को गांगन तिराहा स्थित फाजलपुर प्राथमिक विद्यालय में साप्ताहिक मेन्यू से बच्चों को तहरी परोसी गई। स्कूल में 73 बच्चों का पंजीकरण है। स्कूल आए 35 बच्चों की थालियों में तहरी परोसी गई। बच्चों ने जैसे ही तहरी मुंह में डाली दांतों में किरकल आई। एक-एक कर सभी बच्चों ने यही शिकायत प्रधानाध्यापिका डा. विनीता सिंह से की तो प्रधानाध्यापिका ने शिक्षा मित्र दिनेश चंद्र से तहरी चेक कराई। शिक्षा मित्र ने तहरी खाई तो उसमें रेता मिक्स होने की शिकायत की। बच्चों की थाली में परोसी तहरी गौर से देखी तो उसमें रेत मिक्स था। प्रधानाध्यापिका ने तहरी का सैंपल सुरक्षित कर तत्काल सूचना विभागीय सोशल मीडिया ग्रुप पर डाल दी। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी नगर कार्यालय को शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन

- स्कूल में 73 बच्चे नामांकित हैं। बुधवार को 38 बच्चे स्कूल आए। दोपहर में 35 बच्चों को तहरी बांटी गई। बच्चों ने तहरी में रेत मिक्स होने की शिकायत की। रेत मिक्स होने से सभी बच्चों ने तहरी नहीं खाई। सूचना खंड शिक्षा अधिकारी को दे दी है। - डा. विनीता सिंह, प्रधानाध्यापिका
- मेरे पास अभी तक स्कूल की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। प्रधानाध्यापिका ने खंड शिक्षा अधिकारी को शिकायत दी है तो इसकी जांच की जाएगी। यदि रेत मिली तहरी बांटी गई होगी तो एनजीओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। - योगेंद्र कुमार, बीएसए
- जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जांच के आदेश दे दिए गए हैं। स्कूल में तहरी का सैंपल सुरक्षित रखा गया है। गुरुवार को स्कूल पहुंचकर तहरी के सैंपल की जांच और बच्चों के बयान दर्ज कर एनजीओ के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। - अखिलेश सागर, जिला समन्वयक, एमडीएम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें