मुरादाबाद। रेल यात्रियों की दुश्वारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कोहरे की मार से रेल संचालन लड़खड़ाया हुआ है। अब रेलवे ने रविवार को मुरादाबाद सहारनपुर रेल मार्ग पर बारह घंटे का मेगा ब्लाक लिया है। इस दौरान रेल संचालन बाधित रहेगा। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है।
मंडल के मुरादाबाद सहारनपुर रेल मार्ग पर लक्सर और रायसी के बीच सोलह किलोमीटर पटरियों पर मरम्मत कार्य चलेगा। ओएचई ब्लाक रहेगा। सुबह सात बजकर बीस मिनट से शाम सात बजकर तीस मिनट तक ट्रैक पर कार्य चलेगा। ब्लाक के बाद जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी। चंदौसी ऋषिकेश पैसेंजर (अप व डाउन ) ट्रेन रद्द रहेगी। जम्मूवती गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन अंबाला, दिल्ली गाजियाबाद से होकर मुरादाबाद रेल मार्ग से गुजारी जाएगी। लखनऊ सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन मुरादाबाद तक चलेगी। अमृतसर गोरखपुर एक्सप्रेस (22424) ट्रेन आधे घंटे देरी से चलेगी। इस दौरान मेल, एक्सप्रेस, स्पेशल और मालगाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से चलाई जाएगीं। इस मार्ग पर पहले से भी देहरादून काठगोदाम (12091)एक्सप्रेस, हरिद्वार राम नगर एक्सप्रेस(15033) और देहरादून अलीगढ़ एक्सप्रेस(14114) पहले से रद्द हैं। ट्रैक पर मरम्मत कार्य चलने की वजह से रविवार को यात्रियों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं।