मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में शनिवार को रेल पटरियों पर मरम्मत कार्य चला। जिसकी वजह से ट्रेनों को जहां तहां रोक दिया गया था। गरीब रथ और काशी विश्व नाथ एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटे तक खड़ी रहीं। ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को खासी परेशानियाें का सामना करना पड़ा।
मंडल के हबीवाला और पुरैनी के बीच शनिवार दोपहर बारह बजकर 40 मिनट से लेकर एक बजकर 40 मिनट तक ब्लाक लिया गया था,लेकिन कार्य दो बजकर 25 मिनट तक चला। जिसकी वजह से एक एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी बीच में ही रोक दी गई थी। इसके अलावा कांकाठेर और गजरौला के बीच सुबह दस बजे से एक बजे तक ब्लाक लिया गया था। तय समय में कार्य पूरा नहीं हो पाया। कार्य दोपहर दो बजकर चालीस मिनट तक चला। जिसकी वजह से गरीब रथ एक्सप्रेस एक घंटे, काशी विश्व एक्सप्रेस एक घंटे और एक मालगाड़ी आधे घंटे तक बीच में ही रुकी रही। ट्रैक ठीक होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
मालगाड़ी में आई खराबी
मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के गजरौला से गुजरी मालगाड़ी से कुछ लटक रहा था। स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद मालगाड़ी को सिंभाबली में रोक दी गई। यहां मालगाड़ी ठीक की गई। इसके बाद मालगाड़ी आगे के लिए रवाना की गई। लेकिन हापुड़ में जाकर मालगाड़ी फिर रोक दी गई। जिसकी वजह से दो एक्सप्रेस बीच में रोक दी गई। इसके अलावा रोजा में इंजन खराबी की वजह से मालगाड़ी आधे घंटे तक खड़ी रही।