मुरादाबाद। जिला उद्योग बंधु की बैठक के दौरान शहर की चार जर्जर सड़कों का मुद्दा छाया रहा। जिलाधिकारी के निर्देेश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर निगम के अधिकारियों ने सड़कों का निर्माण कराए जाने की बात कही। सड़कों का निर्माण कब तक पूरा होगा इस बारे में जानकारी न तो नगर निगम के अधिकारियों ने दी न ही पीडब्ल्यूडी के।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना का लक्ष्य पूरा करने के लिए अधिष्ठानों से सहयोग मांगा। इस दौरान उद्योगपतियों ने लाकड़ी फाजलपुर स्थित जर्जर सड़क को नगर निगम से ठीक कराने का अनुरोध किया। इसी प्रकार पाकबड़ा से डींगरपुर को जोड़ने वाली सड़क के बारे में अधिकारियों से पूछा गया तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने जवाब दिया कि सड़क के पैच बन गए हैं। जिलाधिकारी ने आबादी से जल निकासी की समस्या का स्थायी हल ढूंढने के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिए। इस बीच निर्यात नगर की खराब सड़क और हरथला औद्योगिक क्षेत्र से कूड़ा उठाने का समाधान करने के लिए जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को चेताया। एमडीए ने अपने क्षेत्र के सड़कों की टेंडर प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी। उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव योगेश कुमार का आरोप था कि निवेश मित्र पोर्टल पर हाउसिंग विभाग के सर्वाधिक प्रकरण लंबित हैं। प्रेमनगर जोन में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया एसईजेड के पॉकेट बी को औद्योगिक क्षेत्र बनाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। उन्होंने उद्यमियों से गोशाला का भ्रमण कर उसमें सुधार के लिए सहयोग की मांग की। बैठक का संचालन उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त ने किया। इस दौरान सीडीओ आनंद वर्धन, राज्य कर के उपायुक्त सुमेश तिवारी, सीएफओ मुकेश कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग और उद्योग बंधु एससी कौशिक, ललित कपूर, नीरज मित्तल, अंशुल अग्रवाल, नजमुल इस्लाम, आजम अंसारी, योगेश शर्मा, राशिद अली सहित अन्य उद्यमी मौजूद रहे।