मुरादाबाद। शहर की संकरी गलियों में आवासीय भवनों से संचालित हो रही व्यावसायिक गतिविधियों पर अब मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) की नजर रहेगी। कृष्णा कॉलोनी स्थित मोमबत्ती फैक्टरी में लगी आग के बाद प्राधिकरण ने ऐसे भवनों का सर्वे कराने का निर्णय लिया है, जहां नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की आशंका है।
सर्वे के दौरान एमडीए की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर भवनों के स्वीकृत नक्शों का मिलान मौके की वास्तविक स्थिति से करेंगी। यह देखा जाएगा कि जिन भवनों को आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृति मिली है, उनका इस्तेमाल कहीं दुकान, गोदाम, कार्यालय, कोचिंग सेंटर या अन्य व्यावसायिक कार्यों के लिए तो नहीं किया जा रहा। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद भवन उपविधियों के अनुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एमडीए के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य भवन उपयोग संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। साथ ही संकरी गलियों में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों से उत्पन्न यातायात, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का भी आकलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वे के दौरान स्वीकृत नक्शे, भवन के वर्तमान उपयोग और अन्य जरूरी अभिलेखों की जांच की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी, ताकि आवासीय क्षेत्रों में भवनों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा सके।