मुरादाबाद। बिना मानचित्र पास कराए भोजपुर और पाकबड़ा क्षेत्र में अवैध निर्माण करने पर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की टीम ने मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में सील करने की कार्रवाई की। इससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा है।
प्राधिकरण के सचिव सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना भोजपुर के कटघर क्षेत्र में चक बेगमपुर स्थित बीजना रोड पर ताहिर ने बिना नक्शा पास कराए लगभग चार हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध निर्माण कर भवन बना लिया, जिसमें गोदाम संचालित हो रहे थे। नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत वाद योजित कर प्रतिपक्षी को सुनवाई और कारण बताने के लिए अवसर दिए गए, लेकिन कोई संतोषजनक अभिलेख न प्रस्तुत कर पाने पर अवैध निर्माण को सील कर दिया गया।
इसी तरह थाना पाकबड़ा के मझोला क्षेत्र में उमरी रोड बरेली बाईपास पर दीपांशु गुप्ता ने लगभग तीन हजार वर्ग मीटर में बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण कर भवन बना लिया। इसमें भी वाद योजित किया गया और सुनवाई में कारण बताने के अवसर दिए गए, लेकिन दीपांशु ने भी कोई संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया।
इस पर प्राधिकरण अधिकारी ने अवैध निर्माणों को सीलबंद करने का आदेश पारित किया। प्राधिकरण उपाध्यक्ष और डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर अवैध निर्माण को मजिस्ट्रेट और नायब तहसीलदार प्रियंका जायसवाल ने सील कर दिया। इस दौरान क्षेत्रीय जोन प्रभारी कमलेश्वर प्रसाद, जेई एनपी सिंह, आरपी यादव, राजन सिंह, तेजवीर सिंह, जीके पांडे आदि प्राधिकरण के अधिकारी और संबंधित थाने की पुलिस व पीएसी बल मौजूद रहा।