एमडीए ने लाकड़ी फाजलपुर में उद्योग स्थापित करने वाले 25 निर्यातकों को नक्शा स्वीकृत कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं। निर्यातकों का कहना है कि उन्होंने नक्शा पास कराया था। वहीं, एमडीए का कहना है कि काफी लोगों ने कंपाउंडिंग नहीं कराया है।
एमडीए के नोटिस में बताया गया है कि लाकड़ी फाजलपुर मिनी बाईपास स्थित भूखंड पर संचालित फैक्टरी का मानचित्र प्राधिकरण की अपेक्षित अनुमति के बगैर निर्माण कर संचालन किया जा रहा है। यह उप्र नगर योजना एवं विकास प्राधिकरण अधिनियम 1973 के प्रावधानों के विरुद्ध है। वर्तमान में महायोजना 2031 में निर्धारित भू उपयोग के तहत वांछित अभिलेख पत्र प्राप्ति के सात दिन के अंदर एमडीए कार्यालय में जमा करें। अन्यथा सुसंगत प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप में कार्यवाही की जाएगी।
लाकड़ी फाजलपुर में उद्योग स्थापित करने वाले राजीव मल्होत्रा, आशुतोष शंखधार, राजेश कुमार, विनीत कुमार सहित करीब 25 लोगों ने स्वीकार किया कि उनको एमडीए ने नोटिस भेजे हैं। लगभग छह लोगों ने बताया कि उन्होंने नक्शा पास कराया है। इस बारे में एमडीए के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने बताया कि प्राधिकरण ने नोटिस भेजे हैं। काफी लोगों ने कंपाउंडिंग नहीं कराया है। कागजात की जांच करने के बाद इस मामले में आगे की कार्यवाही की जाएगी। किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। पर्याप्त कागजात मिलने पर कार्यवाही नहीं की जाएगी।