क्षेत्र के ग्राम सीलपुर में रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया। फायरिंग होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। संघर्ष में एक छात्र समेत पांच लोग घायल हुए जिनमें दो घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम सीलपुर में गुरुवार की शाम में मोहम्मद आरिफ और अय्यूब अली पक्ष में किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। उस समय तो मामला शांत हो गया। शुक्रवार की सुबह में पुरानी रंजिश के चलते इस मामूूली विवाद की चिंगारी फिर से सुलग गई और विवाद ने तूल पकड़ दिया।
बताते हैं कि संघर्ष के दौरान गांव में फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस फोर्स सीलपुर में पहुंची और बढ़ते विवाद पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी कार्रवाई की जिसके बाद माहौल शांत हो सका।
गोली लगने से घायल छात्र इकबाल पुत्र मोहम्मद आरिफ को पुलिस ने तत्काल ही कुंदरकी पीएचसी पहुंचाया और बाद में 108 एंबुलेंस से शहनाज पत्नी नईम अहमद, अय्यूब अली और उसकी बेटी शाइस्ता बी और बेटे अली मोहम्मद को भी पीएचसी पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी छात्र इकबाल और अय्यूब अली को चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल छात्र इकबाल के पिता मोहम्मद आरिफ की तहरीर पर मुसीबिल उर्फ भोंदा, याकूब, फरीद और नफीस के खिलाफ जानलेवा हमला करने और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिसमें कहा है कि घायल छात्र इकबाल को इन लोगों ने रंजिश के चलते रास्ते में घेरकर गोली मारी है जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। उधर दोनों में तनाव की स्थिति को देखते हुए सीलपुर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और चौकसी बरती जा रही है।