मुरादाबाद लोकसभा सीट से ठाकुर अमर सिंह और रामपुर से पूर्व सांसद व अभिनेत्री जयाप्रदा चुनाव मैदान में उतर सकती हैं। दोनों को भाजपा नेतृत्व के संपर्क में बताया जा रहा है। भाजपा के एक अहम ओहदेदार का कहना है कि आखिरी फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है लेकिन दोनों के नामों पर पार्टी में गंभीर चर्चा है।
अमर सिंह की करीबी अभिनेत्री जयाप्रदा रामपुर से दो बार सांसद रही हैं। रामपुर सीट पर डा. नैपाल सिंह की दावेदारी खत्म होने की वजह से पार्टी यहां किसी मजबूत प्रत्याशी की तलाश में है।
रामपुर में जयाप्रदा की पकड़ और सपा नेता आजम खां से उनके तल्ख रिश्तों की वजह से उन्हें यहां से उतारने की चर्चाएं हैं। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि अमर सिंह और जयाप्रदा के नामों पर नेतृत्व विचार कर रहा है। इन्हें जल्द पार्टी ज्वाइन कराने की चर्चाएं हैं।