पिछली सरकारों ने मुरादाबाद दंगे की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को समझाया कि हमारा लक्ष्य 2023 से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। भाजपा देश में रामराज लाना चाहती है। सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि 2014 से पूर्व देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार, उग्रवाद, गुंडाराज चरम सीमा पर था। 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं के बलबूते नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बड़ी जीत दर्ज की। चुनाव में प्रधानमंत्री ने तीन बातें कहीं, परिवारवाद भारत छोड़ो, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण भारत छोड़ो।
भाजपा की सरकार बनने के बाद देश का कायाकल्प हुआ। प्रदेश में योगी सरकार ने 75 जिलों में बगैर भेदभाव विकास किया। मुख्यमंत्री ने 1980 में मुरादाबाद में हुए दंगे की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी। जिन्होंने दंगे को देखा वे सब जानते हैं। उस समय की पीड़ा का हम वर्णन नहीं कर सकते हैं।
पिछली सरकारों ने तुष्टिकरण की नीति के चलते मुरादाबाद दंगे की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की। पहले प्रदेश में दंगे होते थे। आज प्रदेश दंगा मुक्त है। योगी सरकार ने प्रदेश को दंगा मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, गुंडाराज मुक्त बनाया। इसका श्रेय सभी कार्यकर्ताओं को है। भाजपा को 25 साल लगातार देश और प्रदेश की सरकार में बने रहना है।
मुरादाबाद में विकास के कार्य हो रहे हैं। बड़ी बात है यहां के प्रभारी सुरेंद्र नागर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सचिव हो गए हैं। यहां के लिए विश्वविद्यालय पास हो गया है। मुरादाबाद किसी क्षेत्र में पीछे नहीं है। दुनिया भारत की ओर देख रही है। जैसे हनुमानजी के हृदय में राम हैं। वैसे ही गरीब के हृदय में मोदी का वास है।
भाजपा सरकार में धारा 370 हटाई गई, राम मंदिर का फैसला आया और अयोध्या में भव्य मंदिर बन रहा है। सभी कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में जुटे। लक्ष्य रहना चाहिए कि हमें अपना सांसद बनाना है। प्रदेश की सभी सीटें जितनी हैं। इसके लिए बूथ को मजबूत करना है।
केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाना है। संकल्प दिलाना है कि हमारी डबल इंजन की ही नहीं, ट्रिपल इंजन की सरकार देश प्रदेश को विकास की ओर ले जाने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बुलंद किया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी सत्यपाल सैनी, महापौर विनोद अग्रवाल, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, गिरीश वर्मा, विशेष गुप्ता, साध्वी गीता प्रधान, रामवीर सिंह, सुरेश सैनी, परमेश्वर लाल सैनी, कमल प्रजापति, राजेश रस्तोगी, निमित जायसवाल, प्रभारी राजीव गुप्ता, महामंत्री नाथूराम कश्यप, श्याम बिहारी शर्मा, कमल गुलाटी, दिनेश शीर्ष वाल, आकाश पाल, राजन विश्नोई, चकित चौधरी आदि लोग मौजूद थे।