कांठ। बिना रजिस्ट्रेशन अवैध रूप से चल रहे एक हेल्थ केयर व जच्चा-बच्चा केंद्र को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर सील किया है। टीम को मौके पर न तो केंद्र संचालिका ही मिली और न ही रजिस्ट्रेशन व अन्य आवश्यक सुविधाएं ही पाई गई।
बृहस्पतिवार को सीएचसी चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कांठ के नयागांव में शिफा हेल्थ केयर एवं जच्चा-बच्चा केंद्र को बिना रजिस्ट्रेशन अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर छापेमारी की गई तो जांच में पता चला कि यहां केंद्र को डॉ. शमा सैफी के द्वारा संचालित किया जा रहा था। बोर्ड पर उनके नाम के साथ ही डॉ. अकरम का नाम भी अंकित पाया गया। टीम ने मौके से कुछ दवाइयों को भी कब्जे में लेते हुए केंद्र को सील कर दिया। चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि केंद्र अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। केंद्र संचालिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान बीपीएम चंद्रशेखर यादव, पीएमडब्लू अनिल सैनी भी मौजूद रहे।