ठाकुरद्वारा। शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर ठाकुरद्वारा में सड़कों पर वाहनों और खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के बाजारों और मुख्य मार्गों पर पूरे दिन भीषण जाम लगा रहा, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।
बाजारों में ई-रिक्शा और चौपहिया वाहनों के बंद न होने से जाम की स्थिति बनी। सड़क के दोनों तरफ लगे फड़ और दुकानों के सामने खड़ी बाइकों ने भी जाम को बढ़ाया। बुध बाजार, कोतवाली तिराहा और नैनीताल बैंक रोड जैसे कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण जाम लगा। जाम में फंसे लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी होती रही। ठाकुरद्वारा-सुरजननगर-स्योहारा मार्ग पर तिकोनिया से जसपुर मोड़ तक चार किमी लंबा जाम लगा। जाम दोपहर एक बजे से शाम छह बजे तक रहा। इस मार्ग पर ओवरलोड और बड़े वाहनों की संख्या अधिक थी, यातायात पुलिस भी अनुपस्थित थी। इससे दिल्ली, बिजनौर, हरिद्वार और देहरादून जाने वाले सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। हालांकि, बार-बार जाम लगने से पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष शिवेंद्र गुप्ता ने अधिकारियों से शिकायत के बाद पुलिस के पहुंचने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस पहले से सक्रिय होती तो शायद जाम नहीं लगता। कोतवाल सुनील कुमार शर्मा ने त्योहार के कारण वाहनों और खरीदारों की भीड़ को जाम का कारण बताया।