भोजपुर के ग्राम रानीनागल में पुराने कपड़े गोदाम में लगी आग
- फोटो : Samvad
सिरसवां दोराहा। भोजपुर के ग्राम रानीनागल में बृहस्पतिवार की रात पुराने कपड़ों के 28 गोदामों में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का पुराना कपड़ा जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीम ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बृहस्पतिवार की देर रात लगभग दो बजे लगी। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर भोजपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल दमकल टीम को बुलाया। पांच घंटे के अथक प्रयास के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। आग लगने से असलम, मुमताज, यामीन सहित 28 गोदाम मालिकों के कपड़े जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की भारी हानि हुई है। गोदाम मालिकों के परिवारजनों का आग की लपटें देखकर बुरा हाल था।
बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे रानीनागल गांव में आग लगी। तेज लपटों ने देखते-ही-देखते 28 गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने शुरुआती तौर पर आग बुझाने की कोशिश की। भोजपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मिलकर आग पर काबू पाया। इस बचाव अभियान में कुल पांच घंटे का समय लगा।
ग्राम प्रधान नवाब अली ने जिलाधिकारी से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रानीनागल गांव के कई लोग पुराने कपड़ों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। इस क्षेत्र में आए दिन आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। पहले भी गांव में लगभग आधा दर्जन आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी से क्षेत्र में एक अग्निशमन केंद्र खोलने की भी मांग की।