बिलारी। नगर में सरकारी अस्पताल के निकट स्थित खेल मैदान में चल रहे नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मैसिमो स्टार की टीम ने रॉयल चैलेंजर की टीम को छह विकेट से हरा दिया। उधर, थांवला राइडर्स की टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को पांच रन से पराजित किया।
रॉयल चैलेंजर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित दस ओवरों में पांच विकेट खोकर 105 रन बनाए। अपनी टीम के लिए शाहबाज पाशा ने 34, मुअज्जम ने 28 और शाहिद ने 22 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैसिमो स्टार की टीम ने 9.1 ओवर में चार विकेट पर 111 रन बनाकर छह विकेट से मैच जीत लिया। मैसिमो स्टार की ओर से मनु संस्कार ने 65 और कादिर पाशा ने 24 रन बनाए।
दूसरे मुकाबले में थांवला राइडर्स की टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम के खिलाड़ियों ने दस ओवर में नौ विकेट पर 87 रन बनाए। टीम की ओर से रेहान ने 30, नाजिम ने 15 और अनस ने 14 रन का योगदान दिया। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम निर्धारित दस ओवर में सात विकेट पर 82 रन ही बना सकी। रोचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में थांवला राइडर्स की टीम ने पांच रन के अंतर से मैच जीत लिया।
मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी राजेश यादव ने किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय किया और उनकी हौसला अफजाई की। तस्लीम अजहरी, बिटटू, मीनू, रियाज व एजाज आदि ने मुख्य अतिथि को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
फोटो परिचय-01