मुरादाबाद। सिविल लाइंस के पटेल नगर में शादी के दो माह बाद ही विवाहिता की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके वाले पहुंच गए और उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। पुलिस ने इस मामले में पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सोमवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
नागफनी के बंगला गांव तारों वाली गली निवासी शीला ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी बेटी कविता (20) की शादी सिविल लाइंस के पटेल नगर निवासी राजू के साथ की थी। शीला का आरोप है कि शादी के बाद ही उसकी बेटी को राजू और उसके परिजन परेशान करने लगे थे। रविवार को राजू, उसके पिता कुंदन, मां नन्हीं, भाई किशन और भाभी निधि ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया था। कविता ने अपने मायके में पहुंचकर इसकी जानकारी दी थी। शीला का कहना है कि उसने अपनी बेटी को समझाकर वापस राजू के साथ भेज दिया था लेकिन सोमवार की रात राजू और उसके परिवार के लोगों ने कविता की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर शीला और उसके परिजन मौके पर पहुंचे तो शव बेड पर पड़ा था जबकि राजू और उसके परिवार लोग भाग गए थे। सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। सोमवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है। सीओ सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पांच लोगों पर दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज की गई है।