मुरादाबाद। अल्पसंख्यक दिवस के मौके पर शहर के एक मदरसे में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने जहां अल्पसंख्यकों के अधिकारों का गुणगान किया वहीं मदरसा आधुनिकीकरण के शिक्षकों को वेतन न मिलने और मदरसों की बार-बार होने वाली चेकिंग से परेशानी की बात रखी। रामपुर दोराहा एकता विहार स्थित मदरसा अरबिया इमदादिया में शहर इमाम हकीम सैयद मासूम अली आजाद की अध्यक्षता में अल्पसंख्यक अधिकार दिवस मनाया गया। इस मौके पर शहर इमाम ने मदरसा शिक्षकों से मेहनत से अपने काम को अंजाम देने और विभागीय अधिकारियों से तालमेल बैठाकर बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने की अपील की। जामिया फारूकिया भोजपुर के प्रिसिंपल मौलाना गयासुद्दीन ने कहा कि मदरसों में छात्रों की संख्या लगातार घट रही है। इसके लिए विभागीय अधिकारी और सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि मदरसों में बार-बार चेकिंग के नाम पर परेशान किया जाता है। मदरसा आधुनिकीकरण के शिक्षकों को वेतन तक के लाले हैं। अल्पसंख्यक हितों की कई योजनाएं बंद कर दी गईं। विभागीय अधिकारियों और सरकार से इन समस्याओं के समाधान की मांग की। कार्यक्रम में सिख धर्म से सरदार गुरविंदर सिंह, जैन धर्म से प्रदीप कुमार जैन, बौद्ध धर्म से नागभारती बौद्ध, इसाई धर्म से पादरी पॉल सारस्वत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने अल्पसंख्यकों के अधिकार बताए साथ ही उनसे बेहतर तालीम हासिल करने को कहा। विकलांग कल्याण अधिकारी विजय कुमार यादव ने दिव्यांगों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
इस मौके पर नायब शहर इमाम सैयद फहद अली, शेखू हदीस मदरसा अरबिया इमदादिया के मौलाना मोहम्मद असजद, प्रबंधक मौलाना महफूज, प्रिंसिपल मौलाना मजाहिर हुसैन, जामेउल हुदा गलशहीद के प्रिंसिपल मौलाना जुबैर अहमद, मौलाना मुजम्मिल, जामिया फारूकिया भोजपुर के प्रिसिंपल मौलाना गयासुद्दीन आदि मौजूद रहे।