मुरादाबाद। मोदी सरकार ने 11 वर्षों के दौरान गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं लागू कीं। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए लघु और भारी उद्योगों को स्थापित किया गया। भाजपा जिला कार्यालय में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला के दाैरान यह बातें मुख्य अतिथि एवं जिला प्रभारी राजेश यादव ने कहीं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का कार्यकाल बेमिसाल साबित हुआ है। सरकार 11 वर्षों में गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाई है। केंद्र की एनडीए सरकार नौ जून को अपनी सत्ता के लगातार 11 साल पूरे करने जा रही है। एनडीए सरकार की उपलब्धियों से लोगों को बताने के लिए जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से गरीबों के लिए आवास, खाना पकाने के स्वच्छ ईंधन, बैंकिंग और अच्छे स्वास्थ्य की व्यवस्था की गई।
कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला में महामंत्री राजन विश्नोई, हरज्ञान सिंह, चंद्रपाल सैनी, पूर्व जिला महामंत्री चौधरी हुकुम सिंह, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, भजनलाल पाल, आदेश चौधरी समेत तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।