मोदी लहर में मिले प्रचंड बहुमत के बाद विधायकों के मंत्री बनने को लेकर चर्चाओं का दौर जोरों पर है। एमएलसी एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त का नाम सुर्खियों में है। बताया जाता है कि दोनों के बायोडाटा भी पार्टी हाईकमान ने मंगा लिए हैं।
इनके अलावा अमरोहा जिले की नौगावां सीट से विधायक चेतन चौहान, संभल जिले की चंदौसी सीट से विधायक गुलाब देवी, रामपुर जिले की बिलासपुर सीट से विधायक बल्देव औलख के नाम भी चर्चाओं में हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को भाजपा ने चुनाव में स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया था। मुरादाबाद मंडल समेत करीब 60 सीटों पर इनकी सक्रियता रही। भूपेंद्र सिंह भाजपा में जाट समाज के चेहरा भी हैं। इनके अलावा जयपाल सिंह व्यस्त भी इस बेल्ट के कद्दावर नेता माने जाते हैं।
एमएलसी चुनाव में भी इनका अच्छा प्रदर्शन रहा। भारी मतों से विजयी हुए। इन दोनों में से किसी एक को कैबिनेट में शामिल करने की चर्चाएं हैं। अमरोहा जिले की नौगावां सादात सीट से विधायक चेतन चौहान एक बार सांसद रह चुके हैं। मोदी की टीम की पसंद माने जाते हैं।
इन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने में भी मोदी की टीम की बड़ी भूमिका बताई गई थी। इनके अलावा संभल जिले की चंदौसी सीट से विधायक गुलाब देवी का नाम भी चर्चाओं में है। गुलाब देवी धोबी समाज से हैं। तीन बार विधायक रह चुकी हैं तथा कल्याण सिंह की सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं।
रामपुर जिले की बिलासपुर सीट से विधायक बल्देव औलख यूपी में सिख समाज से एकमात्र विधायक हैं। सांसद मुख्तार अब्बास नकवी के खास माने जाते हैं। सपा के कद्दावर नेता आजम खां के गढ़ में औलख की जीत को भाजपा बड़ी उपलब्धि मान रही है।