मुरादाबाद। वन विभाग की ओर से ओवरलोडिंग के मामले में सीज किए गए ट्रक को फर्जी दस्तावेज के सहारे दूसरे लोग छुड़ाकर ले गए। ट्रक मालिक जब उसे रिलीज कराने के लिए वन विभाग के कार्यालय पहुंचा तो पता चला कि ट्रक किसी अन्य व्यक्ति के सुपुर्द किया जा चुका है। जांच-पड़ताल में दो लोगों के नाम सामने आए हैं। ट्रक मालिक ने इस मामले में सिविल लाइंस थाने में आरोपी दो लोगों के खिलाफ जालसाजी और धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दिल्ली के खजूरी खास निवासी जावेद अली ने सोमवार की रात सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। मुरादाबाद में वन विभाग की टीम ने फरवरी 2025 में ओवरलोडिंग में उनका ट्रक सीज किया था। उन्होंने ट्रक को वन विभाग से रिलीज कराने का प्रयास किया था लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। इसके बाद वह अपने घर चले गए थे। कुछ समय बाद उन्होंने वन विभाग के कार्यालय में पहुंचकर संपर्क किया तो पता चला कि उनका ट्रक पांच दिसंबर 2025 को ही रिलीज किया जा चुका है।
उन्होंने इस मामले की जानकारी जुटाई तो पता चला कि ट्रक को गाजियाबाद के शहबाजपुर थाना क्षेत्र के टीला मोड़ निवासी दिलीप शर्मा और बुलंदशहर के सदाहारनपुर थाना क्षेत्र के असावर निवासी वीरेंद्र उर्फ बंटी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने नाम से छुड़वा लिया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद जावेद ने दोनों आरोपियों से संपर्क कर ट्रक वापस करने को कहा लेकिन उन्होंने ट्रक लौटाने से साफ इन्कार कर दिया। जावेद का आरोप है कि दोनों ने उन्हें धमकी दी है कि अगर कहीं शिकायत की तो वह उनकी हत्या कर देंगे।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह का कहना है कि इस मामले की गहनता से विवेचना कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि आरोपियों ने ट्रक रिलीज कराने में कौन-कौन से दस्तावेज लगाए हैं और विभाग के कौन अधिकारी और कर्मचारी आरोपियों के साथ मिले हुए हैं। जिन्होंने ट्रक रिलीज कराने में मदद की है।