पाकबड़ा। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती से शादी का वादा कर एक युवक ने उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार दोपहर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती ने पाकबड़ा क्षेत्र के हाशमपुर चौराहा निवासी नदीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है जिसमें पीड़िता ने बताया कि आरोपी नदीम से उसके प्रेम संबंध थे। आरोपी ने उसे शादी करने का वादा किया और शारीरिक शोषण किया। इस बीच वह गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसे जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी इन्कार कर दिया और उसे धमकाते हुए मामले को दबाने का प्रयास किया। मामला थाना पहुंचा तो आरोपी शादी के लिए तैयार हो गया। उससे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए लेकिन बाद में आरोपी ने शादी करने से इन्कार कर दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बुधवार को आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।