दबंगई का विरोध करने पर कुछ युवकों ने बिचौला ढूकी गांव में शनिवार की शाम को एक युवक की लाठियों से पीट-पीटकर जान ले ली। वारदात में दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक हरद्वारी दिवाकर का बेटे विजनेश दिवाकर (24) का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। विवाद की वजह विजनेश द्वारा उनकी दबंगई का विरोध करना थी। शनिवार शाम आबादी से लगभग एक किलोमीटर दूर अपनी धान की फसल की सिंचाई करने खेत पर गया था। कुछ देर बाद विरोधी पक्ष के कुछ लोग खेत पर पहुंचे और उसे गालियां देने लगे। गालियों का विरोध किया तो उस पर लाठियां बरसाने लगे।
विजनेश के भाई जगदीश की दस वर्षीय बेटी भी खेत पर मौजूद थी। वह शोर मचाते हुए घर की तरफ दौड़ी। रुचि से जानकारी मिलने पर विजनेश के भाई और अन्य परिजन खेत पर पहुंचे। उन्हें देखते ही हमलावर अपनी बाइकों से फरार हो गए। बेहोशी की हालत में विजनेश को निजी वाहन से पहले कोतवाली बिलारी और उसके बाद बिलारी सीएचसी लाया गया। सीएचसी में डाक्टर ने देखते ही विजनेश को मृत घोषित कर दिया।
वारदात की जानकारी पर सीओ महेंद्र कुमार शुक्ल और कोतवाली प्रभारी मदनमोहन चतुर्वेदी सीएचसी बिलारी पहुंचे। मृतक के परिजनों से जानकारी ली। रात लगभग दस बजे जिला मुख्यालय से फोरेंसिक टीम भी सीएचसी पहुंची और शव से नमूने लिए। मृतक के भाई दिनेश ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।