मुरादाबाद-चंदौसी रेलवे लाइन पर शनिवार सुबह खंडवा गांव के पास ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। मुनेश नामक युवक बहादुरपुर गांव का रहने वाला था। हादसे के समय वह शौच के लिए जंगल जा रहा था। उसी वक्त ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। ट्रेन गुजर जाने के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिले पर कोतवाली बिलारी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर स्थित महथा रेलवे स्टेशन के पास घने कोहरे के कारण मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई थी। शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के महथा बाजार निवासी संतोष श्रीवास्तव उर्फ सोनू (39) पुत्र जयप्रकाश बुधवार की सुबह घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक घने कोहरा के कारण गोरखपुर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने शोहरतगढ़ पुलिस को सूचना दी।
उधर झांसी में शुक्रवार को पारीछा रेलवे स्टेशन के पास बंद रेलवे क्रॉसिंग पार करते वक्त एक बाइक सवार युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पारीछा निवासी मोहित सिंह का जौहरी रोड पर खेत है। शुक्रवार सुबह 9 बजे वह बाइक से खेत पर जाने को निकला था। पारीछा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रासिंग बंद होने के चलते वह नीचे से निकलकर ट्रैक पार करने लगा। तभी अचानक सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।