तेजाब से हमला (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चमन सराय में जीजा ने साली पर तेजाब डाल दिया। जिससे उसका चेहरा झुलस गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें- शादी के 42 दिन बाद ही पत्नी को दिया तीन तलाक, मामला दर्ज
मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चमन सराय में एक मोहल्ला निवासी युवती पर उसके जीजा ने अपने पिता के साथ मिलकर तेजाब से हमला कर दिया। चीखपुकार होने पर आरोपी मौके से भाग गए। इस घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय निवासी एक युवक से आठ वर्ष पहले हुई थी।
आपसी विवाद के बाद उसकी बहन मायके आ गई। चार वर्ष से अब मायके में ही रह रही है। सुबह पीड़िता अपनी बहन के साथ दवाई लेने मोहल्ला चमन सराय गई थी। अचानक बाइक पर सवार जीजा अपने पिता के साथ आया और उसकी बहन को गाली गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने तेजाब फेंक दिया।
पीड़िता ने बताया कि उसकी बहन तेजाब से बच गई। लेकिन वह झुलसी गई। परिजनों ने कोतवाली में कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। साथ ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, दूसरी ओर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी हुई है। युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।