उनके परिजनों ने हंगामा करते हुए कहा कि उन्हें बेटा पैदा होने की जानकारी दी गई थी। उन्होंने अस्पताल के रिकॉर्ड और कैमरों की फुटेज को अपनी बात के समर्थन में मजबूत प्रमाण बताया। पहले स्टाफ ने गलती स्वीकार नहीं की लेकिन विरोध बढ़ने पर अस्पताल में मौजूद नवजात के जन्म के रिकॉर्ड के मिलान से रेनू की आपत्ति सही साबित हुई।
साथ ही राज खुला कि रेनू का बेटा रामपुर जिले के ही बड़ा खास गांव की प्रसूता नाजमा के साथ चला गया, जिनकी छुट्टी रविवार देर रात दो बजे ही हो गई थी। बताया गया कि दोनों बच्चों को जन्म थोड़े से ही अंतराल से हुआ था। अतिरिक्त केयर के लिए दोनों एनआईसीयू में भर्ती थे।
छुट्टी के समय स्टाफ नर्स ने रिकॉर्ड का मिलान किए बिना नाजमा द्वारा जन्मी बच्ची की जगह रेनू का बेटा सौंप दिया। इस परिवार ने उस वक्त नवजात की बारीकी से जांच नहीं की थी। सच सामने आते ही अस्पताल के स्टाफ से लेकर डॉक्टर और हॉस्पिटल संचालक तक के हाथ-पांव फूल गए।
रेनू के परिवार को उनका बेटा दिलाने का भरोसा देकर शांत किया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उनके साथ रामपुर जिले का रुख किया और दूसरे परिवार को विश्वास में लेकर दोनों बच्चों को उनकी असली मां की गोद के हवाले किया गया।
रेनू के पहले से हैं दो बेटियां
रेनू के ससुर उनमान सिंह ने बताया कि उनके बेटे यानी रेनू के पति राजेश मजदूरी करते हैं। परिवार में पहले से दो बेटियां हैं। गर्भवती बहू को 31 अक्तूबर को अस्पताल में भर्ती किया था। उसी शाम 7.53 बजे बेटे का जन्म हुआ था। तीसरे बच्चे के रूप में बेटे के जन्म की जानकारी से पूरा परिवार बहुत खुश था। सोमवार शाम सारी खुशियां काफूर हो गईं। अस्पताल की लापरवाही से बहू समेत परिवार का हर सदस्य अपना बच्चा मिलने तक तनाव में घिरा रहा।
उठा सवाल, फुट प्रिंट व फोटो तक की व्यवस्था फिर भी बदल गया बच्चा
अस्पताल में नवजात की पहचान तय करने के लिए मां की तस्वीर से लेकर बच्चे के जन्म का समय, लिंग, वजन और फुट प्रिंट तक दर्ज किए जाते हैं। इनसे पहचान के आधार पर ही नवजात मां या परिवार को दिया जाता है। सारी प्रक्रिया की कैमरों से निगरानी भी होती है। इस सबके बावजूद एनआईसीयू जैसे सघन निगरानी वाले स्थान से बच्चे कैसे बदल गए।
नाजमा बोलीं, जितनी तकलीफ उन्हें हुई, उतनी ही हमें भी
रामपुर के बड़ा खास निवासी नाजमा ने बताया कि उनके परिजनों ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के दौरान बच्चे को ठीक से देखा नहीं। उसे लेकर सीधे घर चले गए। बाद में पता चला कि उन्हें जो बच्चा दिया गया था, वह उनका नहीं था। उन्होंने कहा कि जितनी तकलीफ रेनू के परिवार को हुई, उतनी ही उनके परिवार को भी हुई है। अस्पताल स्टाफ को ऐसे मामले में लापरवाही नहीं करनी चाहिए थी।
संचालक बोले, स्टाफ नर्स की सेवाएं समाप्त कीं
अस्पताल संचालक डॉ. इकराम ने बताया कि रविवार को वह जरूरी काम से लखनऊ गए थे। उनकी नामौजूदगी में स्टाफ नर्स से यह गलती हुई। अस्पताल में दोनों बच्चों का पूरा रिकॉर्ड दर्ज है। रेनू के परिजनों के साथ रामपुर जाकर उनका बच्चा वापस दिलाया गया और नाजमा के परिजनों को उनकी बेटी सौंपी गई। संबंधित स्टाफ नर्स की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। रेनू के परिजनों ने लिखित में दिया है कि अब उन्हें कोई शिकायत नहीं है।