मुरादाबाद। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के मेजर जनरल आईएस गिल ने नगर निगम की ओर से महानगर में बनाए जा रहे त्रिशूल-भारतीय रक्षा संग्रहालय'''' का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्घाटन से पूर्व इसकी तैयारियों का जायजा लेने के बाद कहा कि यह देश का पहला ऐसा सैन्य संग्रहालय है, जिसे किसी नगरीय निकाय द्वारा छावनी क्षेत्र के बाहर विकसित किया गया है। यह विशेषता इसे राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी।
मेजर जनरल आईएस गिल ने यहां देशभक्ति की थीम पर विकसित परमवीर पथ, खेत्रपाल द्वार, फील्ड मार्शल सैम मनेशों चौक तथा वीर अब्दुल हमीद चौक को देखा। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल शहर की पहचान को सशक्त बनाएगी है, बल्कि सैन्य विरासत, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को जनमानस से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय थल सेना, नौसेना और वायुसेना-तीनों सेनाओं की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य और योगदान को एक ही मंच पर प्रस्तुत कर रहा है, जो इसे अद्वितीय और प्रेरणास्पद बनाता है। यह संग्रहालय केवल सैन्य प्रदर्शनों का स्थल नहीं, बल्कि देशभक्ति, अनुशासन, साहस और त्याग की भावना को विशेषकर युवाओं में जागृत करने वाला प्रेरणा केंद्र होगा। नगर आयुक्त ने मेजर जनरल को स्थानीय परिस्थितियों व युवा जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए संग्रहालय को विकसित करने की बात कही।