मुरादाबाद। रेलवे स्टेडियम में रविवार को लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने जब सुरों की तान छेड़ी तो पूरा मैदान गुंजायमान हो उठा। उन्होंने एक के बाद एक लोकगीत सुनाए तो श्रोताओं ने तालियां बजाकर खूब उत्साहवर्धन किया। सीता स्वयंवर के समय मिथिला नगरी के माहौल और भगवान श्रीराम के रूप को देखकर निहाल महिलाओं की आपस की काना-फूंसी पर उन्होंने आजु मिथिला नगरिया निहाल सखियां, चारों दूलहा में बड़का कमाल सखियां भजन सुनाया तो माहौल खुशनुमा हो गया।
मौका था सामाजिक और सांस्कृतिक पूर्वांचलवासी संस्था के तीन दिवसीय वसंतोत्सव के आगाज का। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खादी ग्रामोद्योग विभाग के उपाध्यक्ष गोपाल अनजान ने नारियल फोड़कर किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। सांस्कृतिक शाम में समां बांधने के लिए मैथिली ठाकुर ने एक के बाद एक भजन और गीतों की प्रस्तुति दी। लाल मेरी पत रखियो बला झूले लाल के अलावा सोहर जुग जुग जियसु ललनवा भगनवा के भाग जागत हो सुनाई। सईंया मिले लरकईयां लोकगीत सुनाया। छाप तिलक सब छीनी रे मोरे नैना मिलाई के और लेले अईह हो पीया सिंदूर बंगाल से को सुरीली आवाज में सुनाया।
अध्यक्ष विवेक ठाकुर ने बताया कि पटना से आ रहे कलाकारों के आने में देर होने की वजह से पूर्वांचल गौरव गान और लोक नृत्य कार्यक्रम सोमवार शाम को आयोजित किए जाएंगे। मधुबनी पेंटिंग, बनारस की साड़ी का स्टॉल सोमवार से लगेगा। इस मौके पर मेयर विनोद अग्रवाल, एडीआरएम एनएन सिंह, भाजपा के महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, एमपी चौबे, एसएन सिंह, अरविंद त्रिगुन, वीएस चौबे, ज्योत्सना त्रिपाठी, एमके दुबे, हेमंत झा आदि मौजूद रहे।
पीतल नगरी के उत्पादों के संग किड्स कॉर्नर ने मोहा मन
कार्यक्रम स्थल में विभिन्न जनपदों के उत्पादों के प्रदर्शन के लिए स्टॉल लगाए गए थे। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए किड्स कॉर्नर बनाया था। इसमें बच्चों ने खूब मस्ती की। स्टॉल में संभल के गले के हार, कंगन, रामपुर की वायलिन और अमरोहा की ढोलक के अलावा मुरादाबाद के पीतल के उत्पाद मन मोह रहे थे। बारीक नक्काशी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। कमल दीपक, सुराही, कलश, ग्रामोफोन के अलावा पीतल के खिलौनों के स्टॉल लगे हुए थे।