डिलारी। रेत विक्रेता को पिस्टल दिखाकर लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने खुलासे का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि नकली पिस्टल दिखाकर लूट घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने नकली पिस्टल भी आरोपियों से बरामद की है। दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक भोजपुर थाना क्षेत्र के हिमायुंपुर निवासी निशांत चौधरी का ट्रैक्टर चालक थाना सिविल लाइंस के ग्राम भटावली निवासी हीरालाल रायल्टी का रेता भर कर नौ फरवरी की रात करीब नौ बजे उसे बेचने ले जा रहा था। तभी ग्राम तगाला से नवादा के बीच जंगल में सशस्त्र बदमाशों ने उसे रोक लिया था। चालक से मारपीट कर उसे बंधक बना ईंख में डालने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली, पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस लूट ले गए थे। इस मामले में पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट लिखाई थी।
पुलिस ने रविवार चेकिंग के दौरान लूट के इस ट्रैक्टर-ट्राली के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में उन्होंने अपना नाम ओमवीर, अमन, जावेद निवासी ग्राम हिमायुंपुर थाना भोजपुर तथा सुरेंद्र ग्राम तगाला थाना भोजपुर बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने नकली पिस्टल दिखा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटे जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त एक बाइक व नकली पिस्टल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों ने यह भी बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने के बाद उन्होंने ट्रॉली को नौैगवां नहर में डाल दिया तथा ट्रैक्टर को आम के एक बाग में छिपा दिया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी डा.अनूप सिंह व थानाध्यक्ष सतराज सिंह ने बताया कि घटना में दो अन्य युवक भी शामिल थे। जिनके नाम व पते आरोपियों ने पुलिस को बता दिए हैं जो फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार चारों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
कारोबारी हैं आरोपी, रातोंरात बनना चाहते थे अमीर
डिलारी। ट्रैक्टर लूटकांड में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी न सिर्फ युवा हैं बल्कि इनमें से तीन खुद का व्यवसाय भी करते हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी 19 से 30 वर्ष आयु के हैं। आरोपी अमन की धारकनंगला बस स्टैंड पर रेडीमेड गारमेंट की दुकान है। ओमवीर की कॉस्मेटिक की और जावेद की मोबाइल की दुकान है। जबकि सुरेंद्र पिकअप चालक है। दुकान के सामने से रोजना नये ट्रैक्टर निकलते देखते थे। जल्द अमीर बनने के लिए उन्होंने यह योजना बनाई थी।