बिलारी। नगर और देहात इलाके की सभी मस्जिदों में शुक्रवार दोपहर जुमा अलविदा की नमाज पढ़ी जाएगी। बिलारी तहसील के वकीलों ने जुमा अलविदा पर सभी अदालतों में न्यायिक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया है। उधर एसडीएम ने जुमा अलविदा पर शांति व्यवस्था बनाए रखने को थानावार सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित कर दिए हैं।
एसडीएम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एसडीएम ने जुमा अलविदा के मौके पर तहसील क्षेत्र में शांति व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से थानावार मजिस्ट्रेट नामित कर दिए हैं। तहसीलदार प्रवीण कुमार को थाना बिलारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरेंद्रपाल सिंह को थाना मैनाठेर, नायब तहसीलदार कुंदरकी अभिनय सिंह को थाना कुंदरकी और नायब तहसीलदार स्योंडारा विजय कुमार श्रीवास्तव को थाना सोनकपुर क्षेत्र का मजिस्ट्रेट नामित किया गया है।
उधर, 13 मार्च को माहे रमजानुल मुबारक का चौथा जुमा है। यदि आगामी 19 मार्च की शाम को चांद दिखाई देगा, तब 20 मार्च दिन शुक्रवार को ईदुल फितर मनाए जाने की संभावना है। इसी वजह से माहे रमजान के चौथे जुमे के मौके पर 13 मार्च को ही जुमा अलविदा मानकर मस्जिदों में जुमा अलविदा की नमाज पढ़ी जाएगी। बृहस्पतिवार की शाम से ही जुमा अलविदा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बृहस्पतिवार शाम हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि जुमा अलविदा के मौके पर 13 मार्च को बिलारी तहसील की सभी अदालतों में यहां के वकीलों द्वारा न्यायिक कार्य स्थगित रखा जाएगा। बैठक की अध्यक्षता तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह और संचालन महासचिव सुनील कुमार ने किया।