होम साइंस के प्रैक्टिकल में छात्रा रसगुल्ले नहीं लाई तो मैडम का मूड खराब हो गया। पहले तो छात्रा को जमकर डपटा फिर भी गुस्सा कम नहीं हुआ तो गरम छोले छात्रा के मुंह पर दे मारे। छात्रा ने चेहरा तो किसी तरह बचा लिया लेकिन गरम छोले हाथ पर गिरे जिससे हाथ पर छाले पड़ गए। आरोप हनुमान मूर्ति के पास इंदिरा कालोनी स्थित एसएन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल पर हैं।
पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर शिक्षिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। छात्रा ने शिक्षिका पर बाल पकड़कर पिटाई करने का भी आरोप लगाया है। कटघर थाना क्षेत्र में पीतल नगरी निवासी प्रेमपाल सिंह एक फर्म में सिक्योरिटी गार्ड हैं। प्रेमपाल की बेटी रानी इंदिरा कालोनी स्थित एसएन पब्लिक स्कूल में ग्यारहवीं की छात्रा है। रानी का आरोप है कि शुक्रवार को स्कूल में गृह विज्ञान का प्रैक्टिकल था। जिसमें कुकिंग और सिलाई सिखाई जानी थी।
बकौल रानी प्रिंसिपल कमलेश ने गुरुवार को ही सभी छात्राओं को अलग - अलग व्यंजन बनाकर लाने को कहा था। रानी का आरोप है कि उससे सिलाई के लिए चार मीटर कपड़ा, मटर पनीर और रसगुल्ले लाने को कहा गया था। लेकिन छात्रा का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं होने की वजह से वह रसगुल्ले नहीं ले जा सकी। कपड़ा भी दो मीटर ही ले गई थी। जिस पर प्रिंसिपल मैडम का मूड बिगड़ गया।
इसी को लेकर छात्रा और प्रिंसिपल के बीच कुछ कहासुनी हो गई। छात्रा का आरोप है कि प्रिंसिपल कमलेश ने उसके बाल पकड़े और बेंचों व पोल में सिर देकर मारा। छात्रा का आरोप है कि कमलेश के पति संजय ने उसके हाथ पकड़ लिए। छात्रा का आरोप है कि प्रिंसिपल ने उसके चेहरे की तरफ गरम छोले फेंक दिए। चेहरा तो बच गया लेकिन उसके हाथ पर छोले पड़ने से हाथ झुलस गया। छात्रा शिकायत लेकर थाने पहुंची जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हालांकि मामले को एनसीआर (पुलिस के हस्तक्षेप न करने योग्य अपराध) की श्रेणी में दर्ज किया गया है। एसओ कटघर ओंकार सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करके छात्रा का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।