पाकबड़ा। नई नवेली दुल्हान को भगाकर फरार ले जाने की फिराक में उसकी ससुराल पहुंचा प्रेमी दूल्हे के परिवार वालों के हत्थे चढ़ गया। परिवार वालों ने प्रेमी को पकड़ कर रात भर पीटा और सुबह पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि दुल्हन की ससुराल पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है, देर शाम तक मामले में पंचायत होती रही।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी मूंढापांडे थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से हुई है। बताया जाता है कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के बाद भी दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती रहती थी। दोनों ने फोन पर बात कर एक साथ फरार होने की तैयारी कर ली थी। सोमवार रात युवती ने प्रेमी को फोन कर अपनी ससुराल बुलाया। रात लगभग बारह बजे प्रेमी युवती की ससुराल पहुंच गया। वह युवती के बाहर निकलने का इंतजार उसकी ससुराल के बाहर घर की चौखट पर बैठ कर कर रहा था। युवती ने घर से बाहर निकलने के लिए दरवाजे की कुंडी खोली तो आवाज से परिवार के किसी सदस्य की आंख खुल गई। शोर मचा कर उसने सबको जगा दिया। इसके बाद प्रेमी को पकड़ कर पूछताछ की गई तो किस्सा खुला। इस पर प्रेमी को पकड़ कर उसकी पिटाई की गई। इधर ससुरालियों ने युवती के मायके वालों को भी घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि प्रेमी को रात भर पीटा गया। मंगलवार सुबह उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस युवक से पूछताछ में जुटी है। मंगलवार सुबह ही युवती के परिवार वाले भी उसकी ससुराल पहुंच गए। इज्जत की दुहाई और प्रेमी से दोबारा नहीं मिलने की सौगंध लेने पर ससुरालियों ने युवती को घर पर ही रोक लिया। थाना प्रभारी रंजन शर्मा ने बताया कि प्रेमी युवक अपनी प्रेयसी की ससुराल पहुंच गया था। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।