ठग और जालसाज ठगी के नये नये तरीके अपना रहे हैं। रविवार को दो ठगों ने दिल्ली रोड पर श्रम विभाग की महिला कर्मचारी को उसके बेटे की मौत का डर दिखाकर सोने जेवर और पांच हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने खुद को तांत्रिक बताकर बेटे के ऊपर आए संकट को दूर करने का झांसा देकर महिला से जेवरों को पर्स में रखवा लिया था।
इसके बाद उसे 31 कदम आगे चलने को कहकर तांत्रिक फरार हो गए। महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो तांत्रिक गायब हो चुके थे। महिला ने मझोला थाने में तहरीर दे दी है। मझोला थानाक्षेत्र के बुद्घि विहार सेक्टर चार निवासी कौशल वर्मा श्रम विभाग में कार्यरत हैं। उनका छोटा बेटा विकास वर्मा मंडी समिति में नौकरी करता है।
जबकि बड़े बेटे विशाल वर्मा टीचर हैं और वह चंद्र नगर में रहते हैं। रविवार को कौशल वर्मा अपने बड़े विशाल के घर चंद्र नगर जा रही थी। वह कुंदन पेट्रोल पंप के पास दिल्ली रोड पर टैंपो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसके पास एक युवक आया। युवक ने खुद को बड़े ज्ञानी का बेटा बताते हुए कौशल से कहा कि उसके छोटे बेटे के ऊपर संकट है।
उसकी मौत हो जाएगी। कौशल वर्मा घबरा गईं। इसी बीच एक और युवक पहुंच गया। दोनों ने महिला को अपनी बातों में उलझा लिया। इसके बाद उससे कहा कि अगर बेटे के ऊपर आए संकट को दूर करना चाहती हो, तो ऐसा हम कहें, वैसा ही कीजिए। महिला ने अपनी सोेने की चेन, दो अंगूठी और करीब पांच हजार रुपये पर्स में रख दिए।
ठग ने महिला का पर्स अपने साथी को दिला दिया। इसके बाद महिला से 31 कदम आगे चलने को कहा। महिला जैसे ही 31 कदम आगे चली और उसने पीछे मुड़कर देखा तो दोनों ठग फरार हो चुके थे। महिला घबरा गई। सूचना मिलने पर महिला का बेटा विकास पहुंच गया। तब वह अपनी मां को लेकर मझोला थाने पहुंचा और तहरीर दी।