मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के आजाद नगर में शनिवार रात बाइक सवार बदमाश लेखपाल के घर में पहुंच गए। बदमाशों ने पूरे परिवार को तमंचों से कवर कर लिया। इसी बीच एक बदमाश ने कहा कि गलत घर में आ गए। इसके बाद बदमाश मकान से बाहर निकले और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। देर रात तक परिवार दहशत में था।
संभल में तैनात लेखपाल नकी रजा का परिवार मझोला थानाक्षेत्र के आजादनगर में रहता है। लेखपाल के परिवार में मां नसीमा बेगम, पत्नी शमा और चार बच्चे हैं। लेखपाल ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। इसी दौरान उनके घर के पास आकर दो बाइक रुकीं। जिस पर चार युवक सवार आए। दो बदमाश बाहर बाइक के पास ही रुक गए और दो बदमाश तमंचा लेकर घर में घुस आए। बदमाशों ने अपने सिर में कपड़ा बांध रखा था। अचानक घर में बदमाशों के देखकर परिजन घबरा गए और इसके बाद बदमाशों ने तमंचा निकाल लिया। इसी बीच नकी रजा बाहर की ओर आए तो दोनों युवक यह कहकर घर से निकल गए कि गलत घर में आ गए हैं। इसके बाद बदमाश घर से बाहर आए और बाइक पर बैठने लगे। इसी बीच आस पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए और पड़ोस में रहने फहीम ने एक बदमाश को पकड़ लिया। इस बीच दूसरे बदमाश ने तमंचा से गोली मारने की धमकी देकर अपने साथी को छुड़ा लिया। इसके बाद बदमाश बाइक पर बैठकर फायरिंग करते हुए टीपीनगर की ओर फरार हो गए। इस घटना से कालोनी में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और पीड़ित परिवार से पूछताछ की। मझोला इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।