मुरादाबाद। मुगलपुरा क्षेत्र में टांडा के चावल व्यापारी से लूट नहीं हुई थी, बल्कि उसने फेसबुक महिला मित्र से मिलने के लिए लूट का ड्रामा रचा था। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने एक लाख तीस हजार रुपये अपनी दुकान में चावल की बोरियों के नीचे छिपा दिए थे। उसे अपनी मित्र से मिलने मध्यप्रदेश के जबलपुर जाकर युवती और उसके परिवार से शादी की बात करनी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से रकम और मोबाइल बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि तीन अगस्त को मुगलपुरा थाने में शोएब निवासी मोहल्ला नीम थाना टांडा जिला रामपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें शोएब ने बताया था कि वह कटरा नाज स्थित दुकान से अपने घर लौट रहा था। जामा मस्जिद चौराहे से वह ऑटो में बैठकर जा रहा था। ऑटो में पहले से बैठे बदमाशों ने उसे कुछ सुंघा दिया और उसके तीन लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने इस मामले में तफ्तीश शुरू की तो वादी पर ही शक गहराता जा रहा था। वह बार-बार बयान बदल रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि चार अगस्त को वह अपने भाई के साथ कटरा नाज स्थित चावल की दुकान में पहुंचा। दस बजे जब शोएब का भाई दुकान से बाहर गया तो उसने चावल की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे एक लाख तीस हजार रुपये निकाल लिए और वहां से वह रोडवेज बस अड्डे पर पहुंच गया। यहां से आरोपी रोडवेज की बस में बैठकर दिल्ली पहुंच गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने दिल्ली के निजामुद्दीन में मोबाइल और एक सिम खरीदा। इसके बाद उसने जबलपुर में अपनी फेसबुक मित्र से बात की। आरोपी ने युवती से बताया कि उसने रुपयों की व्यवस्था कर ली है। अब उससे मिलने जबलपुर आ रहा है। तब युवती ने उससे मिलने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी घर लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को रोडवेज बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से 126650 रुपये और एक मोबाइल बरामद कर लिया है।
दो माह पहले फेसबुक के जरिये हुई थी दोस्त
मुरादाबाद। आरोपी शोएब ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दो माह पहले फेसबुक के जरिये मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी युवती से उसकी दोस्ती हुई थी। फेसबुक मैसेंजर के जरिये चैटिंग करते थे। बाद में दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए थे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि परिजन दूसरी लड़की से शादी के लिए दबाव बना रहे थे। वह फेसबुक मित्र से शादी करना चाहता है। युवती से मिलने के लिए जबलपुर जाना था। वहां उससे शादी की बात करनी थी। इसके लिए उसने रुपयों की व्यवस्था की थी।
युवती ने मिलने से किया इनकार, तो फिर रचा नया ड्रामा
मुरादाबाद। चावल व्यापारी शोएब चार अगस्त सुबह करीब दस बजे दुकान पर पहुंचा। उसने दुकान से एक लाख तीस हजार रुपये निकाले और दिल्ली पहुंच गया। वहां आरोपी ने नया मोबाइल और सिम खरीदा। इसके बाद फेसबुक मित्र को कॉल की। तब युवती ने आरोपी से मिलने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कांफ्रेंस के जरिये युवती की अपने पिता से बात कराई। युवती ने योजना के तहत शोएब के पिता को कांफ्रेंस के जरिये बताया कि दिल्ली के निजामुद्दीन में एक युवक बेहोश मिला है। उसके हाथ पर मोबाइल नंबर और नाम लिखा हुआ है। उसी नंबर पर कॉल की है। युवती ने शोएब के पिता को पूरी जानकारी दी। युवती ने कहा कि वह इसे अपने कुछ साथियों की मदद से मुरादाबाद आने वाली बस में बैठा रही है। युवती से बस का नंबर पूछा तो उसने कॉल काट दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। तब पुलिस ने सर्विलांस के जरिये व्यापारी को ट्रेस कर लिया।
आधे घंटे तक कीचड़ में पड़ा रहा, कोई नहीं आया तो खुद ही निकल आया
मुरादाबाद। सीओ कोतवाली राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी लूट का नाटक करने के लिए जामा मस्जिद पुल के पास सड़क के किनारे आधे घंटे तक कीचड़ में पड़ा रहा। ताकी कोई उसे देख ले, लेकिन किसी ने भी उसे नहीं देखा। इसके बाद वह खुद ही सड़क पर पहुंच गया और लोगों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद राहगीर के मोबाइल से अपने भाई को कॉल कर उससे बुला लिया था।