नशे की पुड़िया एक और युवक की मौत का सबब बन गई। नशे की गिरफ्त में फंस चुका रेलवे गार्ड का भाई रोहित सुसाइड नोट लिखकर फंदे पर लटक गया। रेलवे हरथला कालोनी में एक खंडहरनुमा सरकारी आवास में उसकी लाश दुपट्टे के जरिए छत में लगे गार्डर से झूलती मिली।
युवक ने सुसाइड नोट में नशे की लत से आजिज आकर आत्महत्या की बात कही है, हालांकि परिजनों ने इस सुसाइड नोट को खारिज करते हुए रोहित को हत्या कर लटकाने का दावा किया है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में रेलवे हरथला कालोनी में सरकारी आवास में रहने वाले रेलवे गार्ड आशु ठाकुर का छोटा भाई रोहित (25) शनिवार दोपहर करीब तीन बजे घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन तब से घर नहीं लौटा।
परिजन उसे खोज ही रहे थे कि इस बीच रविवार दोपहर एक रेलवे क्वार्टर में युवक की लाश लटकी मिली। रेलवे हरथला कालोनी से फकीरपुरा को जाने वाले रास्ते पर रेलवे के तमाम सरकारी क्वार्टर जर्जर हालत में पड़े हुए हैं। खंडहर बन चुके इन सरकारी आवासों का इस्तेमाल आसपास के युवक नशे के लिए करते हैं।
इन्हीं में से एक क्वार्टर में रविवार दोपहर महिलाएं पेड़ों से लकड़ियां तोड़ रहीं थीं। इसी दौरान उनकी नजर क्वार्टर के अंदर गार्डर पर लटकी लाश पर पड़ी तो उनकी चीख निकल गई। खाली पड़े रेलवे क्वार्टर में युवक की लाश लटका होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा।
पुलिस ने जेब से मिले कागजों के आधार पर छानबीन की तो मृतक की पहचान रोहित ठाकुर पुत्र दलीप सिंह निवासी रेलवे हरथला कालोनी के रूप में हुई। जेब से एक सुसाइड मिला, जिसमें आत्महत्या की वजह नशे की लत को बताया गया है।