मुरादाबाद मंडल में छोटे दल और निर्दलीय कर बड़ा खेला चुके हैं। मंडल में चार निर्दलीय प्रत्याशी जीत कर लोकसभा में पहुंच चुके हैं। इस बार भी छोटे दल और निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोकने में जुटे हैं।
मंडल में छोटे दल और निर्दलीय प्रत्याशी बड़ा खेला कर चुके हैं। मुरादाबाद लोकसभा समेत मंडल की चार सीटों से निर्दलीय प्रत्याशी जीत कर संसद तक पहुंच चुके हैं। इतना नहीं छोटे दल भी बीच-बीच में बड़ी पार्टियों को अपनी ताकत का एहसास कराते रहे हैं।
विज्ञापन
राष्ट्रीय लोक दल तीन बार बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चुकी है। इतना नहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी भी दो बार जनता का दिल जीत चुके हैं।
ये ही वजह है कि एनडीए और इंडिया गठबंधन छोटे छोटे दलों को साथ लेकर जीत कर परचम लहराने की हर संभव कोशिश में जुटे हैं। इस बार भी छोटे दल और निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोकने में जुटे हैं।
2004 में अमरोहा सीट से निर्दलीय लड़कर सांसद बने थे हरीश नागपाल
अमरोहा लोकसभा सीट पर 2004 में हरीश नागपाल ने निर्दलीय लड़ कर 287522 वोट हासिल कर जीत दर्ज कर की थी। इस चुनाव में आरएलडी के प्रत्याशी महमूद मदनी 269638 वोट पाकर दूसरे और बसपा के प्रत्याशी आले हसन 168698 मत लेकर तीसरे नंबर पर रहे थे। इनके अलावा भाजपा प्रत्याशी पूर्व क्रिकेट चेतन चौहान 130519 वोट पाकर चौथे नंबर पर आए थे।
विज्ञापन
1962 में मुरादाबाद और बिजनौर से निर्दलीय बने थे सांसद
मुरादाबाद लोकसभा सीट पर 1962 में सैयद मुजफ्फर हुसैन ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। इनके अलावा उसी साल बिजनौर लोकसभा सीट से प्रकाश वीर शास्त्री निर्दलीय लड़कर सांसद बने थे।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी अमरोहा से दो बार जीते
अमरोहा लोकसभा सीट से दो बार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी जीत चुके हैं। 1967 के लोकसभा चुनाव में इशाक संभली ने जीत दर्ज की थी और संसद पहुंचे थे। इससे बाद 1971 में जनता ने इन्हें दोबारा जीत का ताज पहनने का मौका दिया था।
रालोद के तीन प्रत्याशी पहुंच चुके हैं संसद
राष्ट्रीय लोक दल ने मंडल में तीन बार लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। अमरोहा लोकसभा सीट से 2009 में देवेंद्र नागपाल ने चुनाव लड़ा था। उन्होंने इस चुनाव में जीत का परचम लहराया था। इनके अलावा राष्ट्रीय लोक दल ने 2004 और 2009 में बिजनौर लोकसभा सीट जीती थी।
2004 में मुंशी राम सिंह और 2009 में संजय सिंह चौहान ने संसद में अपनी आमद दर्ज कराई थी। इस बार रालोद एनडीए में शामिल हो चुका है। गठबंधन में रालोद के खाते में बिजनौर की सीट आई है। इस सीट पर रालोद ने चंदन चौहान को अपना प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा ने मुरादाबाद सीट पर अभी नहीं किया है प्रत्याशी का एलान
वैसे तो भाजपा ने मंडल की छह में चार सीटों पर प्रत्याशी का एलान कर दिया है। गठबंधन में बिजनौर सीट रालोद के खाते में है। रालोद ने भी वहां प्रत्याशी घोषित कर दिया है। मुरादाबाद सीट पर अभी भाजपा प्रत्याशी का इंतजार है। वैसे यहां से टिकट पाने के लिए पार्टी के कई नेता दावेदारी कर रहे हैं। कई तो टिकट पक्का होने का दावा भी कर रहे हैं, लेकिन भाजपा ने अधिकृत रूप से अभी कोई एलान नहीं किया है।