मुरादाबाद मंडल की छह लोकसभा सीटों में से तीन (बिजनौर, नगीना और संभल) पर सपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। अमरोहा सीट गठबंधन में कांग्रेस के खाते में है। रामपुर और मुरादाबाद सीट पर सपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, जबकि यहां पर पहले चरण में मतदान होना है।
पिछले चुनाव में इन दोनों पर सपा के प्रत्याशी जीते थे। ऐसा माना जा रहा है कि आजम खां की सहमति के बाद ही सपा इन सीटों पर प्रत्याशी घोषित करेगी। मुरादाबाद मंडल की चार सीटों (बिजनौर, नगीना, रामपुर और मुरादाबाद) पर पहले चरण में चुनाव होना है। बिजनौर और नगीना के लिए सपा प्रत्याशी का एलान कर चुकी है। बुधवार को पार्टी ने संभल लोकसभा सीट से विधायक जियाउर्रहमान बर्क को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस सीट पर सपा ने पहले जियाउर्रहमान बर्क के दादा डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को प्रत्याशी घोषित किया था।
कुछ दिन पहले डॉ. बर्क का निधन हो गया था। डॉ. बर्क का निधन होने के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे जियाउर्रहमान को संभल से प्रत्याशी घोषित किया जा सकता है। हालांकि पार्टी के अन्य कई नेता इस सीट पर अपनी दावेदारी जता रहे थे। लोकसभा के पिछले चुनाव में सपा ने मंडल की तीन सीटों पर जीत हासिल की थी। रामपुर से आजम खां, मुरादाबाद से डॉ. एसटी हसन और संभल से डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क जीते थे। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव में रामपुर सदर सीट से जीत हासिल करने के बाद आजम खां ने लोकसभा की सीट छोड़ दी थी।
इस पर हुए उपचुनाव में भाजपा के घनश्याम लोधी ने जीत हासिल कर ली थी। लोधी को भाजपा ने फिर से रामपुर सीट से प्रत्याशी बनाया है। हालांकि सपा नेता आजम खां अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में सात साल की सजा मिलने के बाद से सीतापुर की जेल में बंद हैं। सजायाफ्ता होने के कारण आजम, उनकी पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और पुत्र अब्दुल्ला आजम फिलहाल चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। ऐसे में यहां पर प्रत्याशी उनकी पसंद का होगा। लगभग यही हाल मुरादाबाद सीट का है।
इस सीट पर प्रत्याशी तय करने में आजम खां हस्तक्षेप रहा है। इस बार भी पार्टी उनकी राय जानने के बाद ही इस सीट पर प्रत्याशी घोषित करेगी। इन दोनों सीटों पर पहले चरण में चुनाव होना है और नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही पार्टी इन दोनों सीटों पर प्रत्याशी का एलान कर देगी।
भाजपा ने मुरादाबाद सीट पर अभी नहीं किया है प्रत्याशी का एलान
वैसे तो भाजपा ने मंडल की छह में चार सीटों पर प्रत्याशी का एलान कर दिया है। गठबंधन में बिजनौर सीट रालोद के खाते में है। रालोद ने भी वहां प्रत्याशी घोषित कर दिया है। मुरादाबाद सीट पर अभी भाजपा प्रत्याशी का इंतजार है। वैसे यहां से टिकट पाने के लिए पार्टी के कई नेता दावेदारी कर रहे हैं। कई तो टिकट पक्का होने का दावा भी कर रहे हैं, लेकिन भाजपा ने अधिकृत रूप से अभी कोई एलान नहीं किया है।