मुरादाबाद। नॉन कोविड अस्पताल कोरोना आशंकित मरीजों को भर्ती कर स्टॉफ के साथ आसपास के लोगों की जान के लिए खतरा बन रहे हैं। गांधीनगर में एक नर्सिंग होम में कोरोना आशंकित मरीज भर्ती करने की सूचना पर स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया। स्ट्रेचर पर लेटे गंभीर हालत में मरीज का वीडियो भी सोशल मीडिया पर मंगलवार को वायरल हो गया। नर्सिंग होम में भर्ती रहकर इलाज करवाने वाले कई मरीज पहले ही कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी।
गांधी नगर में एक नामी डाक्टर का क्लीनिक है। आरोप है कि क्लीनिक संचालक की निजी एंबुलेंस चालकों से सांठगांठ है। एंबुलेंस चालक मरीजों को उसके नर्सिंग होम में भर्ती करवाते हैं। सोमवार रात भी गंभीर हालत में एक युवक को अस्पताल में लाया गया। युवक कोरोना आशंकित बताया जा रहा है। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को लगी तो उन्होंने विरोध जताया। मंगलवार सुबह मरीज और अस्पताल का वीडियो वायरल हो गया। 2 मिनट 16 सेकेंड के वीडियो में युवक की हालत बेहद गंभीर है और लोगों के विरोध के बाद दो युवक मरीज को बाइक में बैठाकर कोविड अस्पताल ले गए।
इसी नर्सिंग होम में एक अन्य मरीज को निजी एंबुलेंस द्वारा लाया गया। लोगों ने हंगामा किया। इसके बाद सरकारी एंबुलेंस बुलवाकर मरीज को कोविड अस्पताल के लिए भेजा गया। इसका भी दो मिनट 44 सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नर्सिंग होम में कोरोना आशंकित मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कई कोरोना पॉजिटिव मरीज नर्सिंग होम में भर्ती रहकर इलाज करवा चुके हैं।
- गांधी नगर स्थित नर्सिंग होम में कोरोना आशंकित मरीज भर्ती करने की शिकायत मिली है। इसकी जांच की जाएगी। शिकायतें सही होने पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डा. एमसी गर्ग, सीएमओ।