देशभर में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू लगाया है, साथ ही इस सप्ताह के अंत में अधिकतर शहरों में लॉकडाउन लगा दिया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि त्योहारों से पहले खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ न जुट जाए, जिससे कोरोना के प्रसार का खतरा काफी हद तक बढ़ सकता है।
यूपी सरकार भी सख्ती बरत रही है। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वालों पर सख्ती की जा रही है। वहीं, मुरादाबाद में मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए अनोखे अंदाज में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
यहां एक कलाकार यमराज बनकर लोगों से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की अपील कर रहा है। यह कलाकार महामारी के बारे में लोगों के बीच जागरूकता पैदा कर रहा है, उनसे मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का पालन करने का आग्रह कर रहा है।
इससे पहले सहारनपुर जनपद की फतेहपुर थाना पुलिस ने छुटमलपुर में कोरोना से बचाव के लिए लोगों को अनोखे अंदाज में जागरूक किया। छुटमलपुर में जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली के दौरान पुलिसकर्मी अपने सिर पर अलग तरह का हेलमेट पहने हुए थे जो कोरोना के स्वरूप को प्रदर्शित कर रहा था।