फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: स्कूल के पास शराब की दुकान, महिलाओं ने किया हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। शहर में स्कूल- कॉलेज और मंदिर के पास खुल रहीं शराब की दुकानों का विरोध शुरू हो गया है। मझोला के लाइन पार मंडी गेट के पास स्थित शराब की दुकान को लेकर महिलाएं सड़क पर उतर आईं। मंगलवार की सुबह दस बजे दुकान खुलते ही महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया और दुकान बंद करा दी। सूचना मिलने पर पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं और उनके साथ मौजूद लोगों को अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि उन्हें एक सप्ताह का समय दिया जाए। इसके बाद दुकान कहीं दूसरी जगह शिफ्ट करा दी जाएगी।
विज्ञापन

मंडी गेट के पास अंग्रेजी शराब और बीयर की कंपोजिट दुकान है। मंगलवार की सुबह दस बजे सेल्समैन ने रोज की तरह दुकान खोली तो महिलाएं हंगामा करने लगीं। सेल्समैन ने शटर बंद कर दिया। इसकी सूचना पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में वहां पुलिस पहुंच गई और आबकारी विभाग की टीम भी आ गई। हंगामा करने वाली महिलाओं में शामिल लक्ष्मी, बबीता, शाहू, छोटी, राधा, जमुना देवी, नीतू सैनी, राजो देवी, ममता, कुंती देवी , दिव्या, आरती, पूनम, अनीता, मोहिनी, कविता, जगवती के अलावा अमन, तीर्थ, प्रेम समेत अन्य युवक भी मौजूद रहे। महिलाओं का कहना है यहां पहले अंग्रेजी शराब की दुकान नहीं थी केवल बीयर की दुकान थी। यहां कुछ ही दूरी पर सड़क की दूसरी साइड में सरकारी स्कूल और मंडी गेट की तरफ ही वीकेएस स्कूल है। सुबह से लेकर देर रात तक यहां शराब पीने वालों की भीड़ जमा रहती है। जबकि नियम है कि स्कूलों के आसपास शराब की दुकान नहीं होनी चाहिए। मोहल्ले के युवाओं पर भी बुरा असर पड़ रहा है। उनका कहना है यह दुकान एकता कॉलोनी के नाम है। यहां से यह कॉलोनी करीब एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। हंगामा कर रही महिलाओं को आबकारी विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि उन्हें एक सप्ताह का समय दिया जाए। दुकान दूसरी जगह शिफ्ट कर दी जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि दुकान पहले से वहीं है। कुछ महिलाएं और लोगों ने हंगामा किया था। उन्हें समझा दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें