मुरादाबाद। शहर से सटे इलाके में अवैध शराब की भट्ठियां धधक रहीं हैं। मुगलपुरा पुलिस ने दूसरे थानाक्षेत्र में जाकर दबिश दी तो इसका खुलासा हुआ। पुलिस को मौके पर 17 भट्ठियां जलती मिलीं हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फरार चार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि मुगलपुरा पुलिस को सूचना मिली कि रामगंगा नदी के पार नारायण व महेंद्र अपने खेत में कुछ साथियों के साथ भट्ठियां जलाकर अवैध शराब तैयार करा रहे हैं। सीओ कोतवाली इंदू सिद्घार्थ के नेतृत्व में मुगलपुरा पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर नारायण और दौलत निवासी नवाबपुरा थाना नागफनी को दबोच लिया।
पुलिस ने मौके से अवैध शराब बनाने के उपकरण, 17 भट्ठियां, 20 लीटर अवैध शराब, तीन किलोग्राम यूरिया और तीन किलोग्राम यीस्ट बरामद किया है। इस दौरान मिले 900 लीटर लहन को पुलिस मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मौके से भागे आरोपियों में नवाबपुरा निवासी महेंद्र, पालू, ओमप्रकाश व राजेंद्र शामिल हैं। सभी आरोपी नागफनी थानाक्षेत्र के नवाबपुरा निवासी हैं। एसपी सिटी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।