बिजली विभाग का लाइनमैन शाम गोली लगने से घायल हो गया। लाइनमैन की पत्नी ने बिजली विभाग के एक ठेकेदार पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उधर, आरोपी ठेकेदार ने पुलिस से छीनाझपटी के दौरान गोली चल जाने से लाइनमैन के घायल होने की बात कही है। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना मझोला के लाइनपार हाइडिल कॉलोनी निवासी स्वराज सिंह बिजली विभाग में लाइनमैन हैं। रविवार को कॉलोनी में ही टंकी के पास कार्य चल रहा था। पुलिस के मुताबिक करीब चार बजे लोगों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर देखा तो स्वराज सिंह घायल पड़े थे। मोहल्ले वालों ने इसकी सूचना उनकी पत्नी रामकेती को दी। आनन-फानन उनके परिवार व मोहल्ले वालों ने स्वराज को शहर के एक कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनकी दशा गंभीर बनी हुई है। सूचना पर मझोला पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। घायल स्वराज की पत्नी रामकेती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनके पति रविवार सुबह दस बजे ड्यूटी गए थे। शाम करीब चार बजे कुछ लोगों के बताने पर वह मौके पर पहुंची तो उनके पति घायल पड़े थे। पति ने बताया कि उन्हें बिजली विभाग के सिविल डिपार्टमेंट के एक ठेकेदार ने गोली मारी है।
इधर मझोला थाना प्रभारी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बिजली ठेकेदार सुरेंद्र ने पूछताछ में बताया कि अंडर ग्राउंड कार्य के दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल कर जमीन पर रख दी थी। जिसे स्वराज ने शराब के नशे में होने के कारण उठा लिया था और झूमने लगा था। वापस मांगने पर वह भागने लगा। ठेकेदार ने पुलिस को बताया इसी छीना झपटी में स्वराज से खुद पिस्टल चल गई। जिससे वह घायल हो गया। मझोला थाना प्रभारी ने बताया कि स्वराज की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
गोली लगने से मझोला थाना क्षेत्र में बिजली लाइनमैन स्वराज सिंह के घायल होने की जानकारी मिली है। घायल ने बिजली विभाग के एक ठेकेदार पर गोली मारने का आरोप लगाया है, जबकि आरोपी ठेकेदार पिस्टल की छीनाझपटी में गोली चलने से उसके घायल होने की बात कह रहा है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
अमित कुमार आनंद, एसपी सिटी
--