बरवलान में आयोजित शादी समारोह में लिफ्ट थर्ड फ्लोर से नीचे गिरी थी। ऊंचाई करीब 30 फुट है। लिफ्ट में खाने का सामान रखा था। इस सामान को लेकर व्यापारी शाहिद हुसैन नीचे आ रहा था। इसी बीच अचानक लिफ्ट गिर गई।
हादसा होने पर पतीले का कोना शाहिद के माथे पर लगा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। पैर में भी छह जगह फ्रैक्चर हुआ है, घायल को दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालत गंभीर है। डॉक्टरों ने 24 घंटे बाद हालत में सुधार आने की उम्मीद जताई है।
उधर, इस मामले में परिजनों ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। वह तीमारदारी के लिए दिल्ली में हैं। बरवलान में आयोजित शादी समारोह में लिफ्ट गिरने से घायल व्यापारी की हालत दूसरे दिन भी गंभीर बनी हुई है, उसे दिल्ली के अरविंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, परिजन भी तीमारदारी के लिए वहां गए हैं।
वहीं दूसरी तरफ , घटना के बाद आसपास के लोगों ने बताया कि शहर में कई ऐसे मैरिज हॉल हैं, जिनमें जुगाडू़ लिफ्ट लगी हैं, जिनसे सामान ऊपर-नीचे पहुंचाया जाता है। इन लिफ्टों में बैठने का मतलब जान का खतरा है।
क्या है जुगाडू़ लिफ्ट - जुगाडू लिफ्ट ऐसी लिफ्ट को कहा जाता है, जिसका प्रयोग कंसट्रक्शन साइटों पर सामान नीचे से ऊपर पहुंचाने के लिए किया जाता है। इसमें मजदूर नहीं बैठते हैं, यह तार से बंधी हुई होती है। इस तार में एक कुंडा लगा होता है, जो कि लिफ्ट में फंसा होता है।
लिफ्ट में ज्यादा भार होने पर उसका झुकाव एक तरफ बढ़ जाता है, जिस वजह से कुंडा लिफ्ट से निकल जाता है और लिफ्ट गिर जाती है।