कुंदरकी। ब्लॉक के सैफपुर चित्तू के पूर्व प्रधान सुबहान अली पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
पूर्व प्रधान सुबहान अली ने बताया कि यह विवाद 10 जुलाई को उनकी स्कॉर्पियो को ट्रक से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने से शुरू हुआ था। गांव वालों ने मौखिक फैसला किया था कि स्कॉर्पियो ठीक होने का खर्च जाकिर देगा। जाकिर ने स्कॉर्पियो लोधीपुर कंपनी में सही कराने के लिए खड़ी की और 30 हजार रुपये जमा भी किए। हालांकि, स्कॉर्पियो पूरी तरह ठीक होने पर जाकिर बची हुई रकम अदा नहीं कर रहा था और टालमटोल कर रहा था। पूर्व प्रधान का आरोप है कि दो सितंबर की सुबह करीब सात बजे जब वह अपनी फैक्टरी जा रहे थे, तो जाकिर और मुजस्सिम ने उन्हें रोका। आरोपियों ने उन्हें गालियां दीं और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। मुजस्सिम ने तमंचे से फायर किया और जाकिर ने चाकू से हमला किया, जिससे सुबहान अली बाल-बाल बचे। सुबहान अली के भाई सुलेमान और राहगीरों के आने पर आरोपी भाग गए। कार्यवाहक एसओ जुगेंद्र सिंह तेवतिया ने बताया कि रिपोर्ट की विवेचना कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद