- मलकपुर सेमली में घर के सामने आम के पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ, सादक अली पानूवाला में दो कुत्तों को उठा ले गया
संवाद न्यूज एजेंसी
ठाकुरद्वारा। मंगलवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में खलबली मच गई। शाहबाजपुर कला में जंगल में एक साथ तीन तेंदुओं को देखकर महिला घबरा गई और बेहोश हो गई। वहीं मलकपुर सेमली में तेंदुआ घर के सामने आम के पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। सादक अली पानूवाला की मंढैया में घुसे तेंदुए ने दो कुत्तों को अपना शिकार बना लिया।
गांव शाहबाजपुर कला निवासी गन्नू सिंह की पत्नी जंगल की ओर गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर तीन तेंदुओं पर पड़ गई। एक साथ तीन तेंदुए देखकर वह बुरी तरह घबरा गईं और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान को भी सूचना दी। ग्रामीणों के मुताबिक, महिला ने जंगल में तीन तेंदुओं को एक साथ घूमते हुए देखा था। इससे आसपास के गांवों में भी तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दूसरी घटना मलकपुर सेमली में हुई। यहां राजू सिंह चौहान के घर के सामने एक तेंदुआ आम के पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। अचानक घर के पास तेंदुए को देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने शोर मचाया तो तेंदुआ पेड़ से उतरकर वहां से भाग गया। तीसरी घटना सादक अली पानूवाला की मढैया में हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, यहां घुसे तेंदुए ने दो कुत्तों को उठा लिया और उन्हें लेकर चला गया। एक ही दिन में तीन स्थानों पर तेंदुआ दिखाई देने की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। विधायक नवाब जान ने बताया कि तीनों घटनाओं की जानकारी प्रभागीय वन अधिकारी को दे दी गई है। वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुओं को पकड़ने के लिए अतिरिक्त पिंजरे लगाए जाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुओं की लगातार मौजूदगी के कारण खेतों की ओर जाने में भी डर लग रहा है।